कांटा लगा फेम शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन

मुंबई: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस 13’ की दमदार कंटेस्टेंट शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन हो गया है। शेफाली जरीवाला को 27 जून की रात कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसके बाद उन्हें तत्काल कूपर हॉस्पिटल, मुंबई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शेफाली जरीवाला के पति पराग त्यागी, जो खुद एक टीवी एक्टर हैं, उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन अफसोस, डॉक्टर्स उनकी जान नहीं बचा सके। इस दुखद घटना ने पूरे फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री को झकझोर दिया है। पराग त्यागी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो बेहद टूटे और गमगीन नजर आ रहे हैं, उन्होंने मीडिया से बातचीत करने से भी इनकार कर दिया।
कांटा लगा से मिली थी खास पहचान
शेफाली जरीवाला को 2002 में आए पॉपुलर रीमिक्स ‘कांटा लगा’ से घर-घर में पहचान मिली थी। उनका ग्लैमरस अंदाज और आत्मविश्वास भरा डांस आज भी लोगों की यादों में बसा हुआ है। इस एक गाने ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था। इसके बाद वह सलमान खान और अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ (2004) में भी नजर आईं, जिसमें उनकी छोटी-सी उपस्थिति भी लोगों को याद रह गई।
बिग बॉस 13 में दिखा था दमदार पक्ष
बिग बॉस 13 में शेफाली ने बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री की थी और अपने शांत लेकिन मजबूत व्यक्तित्व से दर्शकों को प्रभावित किया था। वह अपने आत्मविश्वास, स्पष्ट बोलने की शैली और रिश्तों को सहेजने के तरीके के लिए जानी जाती थीं। शो में उनकी परिपक्वता और ईमानदारी ने फैंस के दिल जीत लिए थे। शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर से फैंस, दोस्तों और इंडस्ट्री के कलाकारों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलियों का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग उन्हें एक आकर्षक कलाकार, सशक्त महिला और जिंदादिल इंसान के रूप में याद कर रहे हैं।