छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय की पहल पर 2 सड़कों की मिली स्वीकृति, ग्रामीणों को होगी बड़ी सहूलियत

जशपुरनगर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत जशपुर जिले में दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन के आधार पर इन कार्यों के लिए कुल 5 करोड़ 10 लाख 08 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

स्वीकृत कार्यों में जशपुर जिले के बच्छरांव गंगुटोली से शासकीय स्कूल बच्छरांव तक 1.00 किलोमीटर लंबाई की सड़क निर्माण शामिल है, जिसके लिए 1 करोड़ 15 लाख 53 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार ग्राम बच्छरांव (कुसुमटोली) से बच्छरांव (खुरसागाड़ा) तक 4.20 किलोमीटर लंबाई की सड़क निर्माण हेतु 3 करोड़ 94 लाख 55 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों के निर्माण से बच्छरांव क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से विद्यार्थियों को स्कूल तक पहुंचने में आसानी होगी, वहीं ग्रामीणों को बाजार, स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने में समय और लागत दोनों की बचत होगी।

सड़क निर्माण से क्षेत्र में कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। किसान अपनी उपज को आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं की पहुंच भी तेज और सुगम होगी। यह स्वीकृति क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण जनजीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button