छत्तीसगढ़

केंद्रीय कारागार से रिहाई के बाद अमित बघेल बोले – “2028 में छत्तीसगढ़ियावादी सरकार बनाएंगे”

अमित बघेल छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के साथ केंद्रीय कारागार से बाहर आए । स्वागत में छत्तीसगढ़िया लोगो का हुजूम उमड़ पड़ा

सुप्रीम कोर्ट से 17 जुलाई 2026 को निःशर्त जमानत मिलने के बाद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल, छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव तथा जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश सह सचिव दिनेश वर्मा रिहा हुए। जेल से बाहर आते समय अमित बघेल छत्तीसगढ़ महतारी का छायाचित्र अपने हाथ में लिए हुए बाहर निकले। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित समर्थकों एवं छत्तीसगढ़िया जनमानस ने “छत्तीसगढ़ महतारी की जय” एवं “जोहार छत्तीसगढ़” के जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

राजधानी रायपुर के वीआईपी चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना को लेकर शासन-प्रशासन से सवाल उठाने के दौरान दर्ज एक प्रकरण में अमित बघेल को पूर्व में बिलासपुर उच्च न्यायालय से जमानत मिल चुकी थी। इसी बीच, बालौदाबाज़ार जिला मुख्यालय में 10 जून 2025 को हुई आगजनी की घटना से संबंधित चार अलग-अलग प्रकरणों में बालौदाबाज़ार पुलिस द्वारा अमित बघेल, डॉ. अजय यादव एवं दिनेश वर्मा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी।

इन प्रकरणों में डॉ. अजय यादव एवं दिनेश वर्मा को 11 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था और वे लगभग छह माह दस दिन तक जेल में रहे। 21 जुलाई को बलौदाबाज़ार जेल से रिहाई हुई ।

अमित बघेल ने 5 दिसंबर 2025 को पुलिस प्रशासन के समक्ष समर्पण किया था, जिसके बाद लगभग सात माह सत्रह दिन जेल में रहने के उपरांत उनकी केंद्रीय कारागार रायपुर से रिहाई हुई।

रिहाई के पश्चात प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समर्थकों के साथ अमित बघेल और अजय यादव ने कलेक्ट्रेट चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद गुरुघासीदास चौक (घड़ी चौक) स्थित महतारी अँगना में छत्तीसगढ़ महतारी की आरती की गई। जयस्तंभ चौक में शहीद वीर नारायण सिंह तथा फूल चौक में डॉ. खूबचंद बघेल की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए काफिला अमित बघेल के निवास न जाकर सीधे दुर्ग जिले की ओर रवाना हुआ।

इस अवसर पर अमित बघेल ने कहा कि वे और पूरा संगठन डॉ अजय यादव के नेतृत्व में संविधान का सम्मान करते हुए न्यायिक प्रक्रिया का पालन किया है। उन्होंने कहा कि उनके विरुद्ध दर्ज प्रकरण झूठे हैं तथा उनका संघर्ष छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़िया समाज के हितों के लिए जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2028 में छत्तीसगढ़ियावादी सरकार का गठन करेंगे।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव ने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपने लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता जनहित एवं छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के लिए संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे।

डॉ अजय यादव ने कहा कि संगठन अब जेल जाने से डरता नहीं है हमारे सेनानी जेल जाने पर गर्व करते हैं क्योकि ये जेलयात्रा छत्तीसगढ़िया लोगो की सेवा करते हुवे हुई है और छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में जितने बार भी जेल जाना पड़े खुसी-ख़ुशी जाएँगे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button