छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग प्रतियोगिता में जीपीएम जिले के खिलाड़ियों ने जीते 6 पदक, जिले का बढ़ाया गौरव

  • रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत, जन्तराम पनिका ने दो कांस्य तथा मोहनी मरावी ने जीता एक कांस्य पदक
    कलेक्टर ने पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं


 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 12 से 15 नवंबर तक आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 6 पदक जीतकर जिले एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम की ओर से जिले के तीन खिलाड़ियों रोहित कुमार, जन्तराम पनिका एवं मोहनी मरावी ने भाग लेकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में रोहित कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण एवं एक रजत पदक जीते। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक एवं 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धा में शानदार समय दर्ज कर रिकॉर्ड भी बनाया। इसी तरह जन्तराम पनिका ने दो कांस्य पदक तथा मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया।
           राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर लौटे तीनों खिलाड़ियों ने आज कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, कठिन परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि इनकी सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले के तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल जगत में हर्ष का वातावरण है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, लगन और आत्मविश्वास से यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button