छत्तीसगढ़

Chhattisgarh UCC: समान नागरिक संहिता पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, दीपक बैज और किरण सिंहदेव आमने-सामने

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने UCC की प्रक्रिया और ड्राफ्टिंग पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी ड्राफ्टिंग भाजपा कार्यालय में की गई है और इस कानून को लेकर विभिन्न वर्गों की राय को नजरअंदाज किया गया है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने बैज के बयान पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि क्या उनके कहने के अनुसार नियम-कानून बनाए जाएंगे?

UCC को लेकर सभी वर्गों की राय अनदेखी करने का आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर सरकार ने एक कमेटी का गठन किया था और अलग-अलग वर्गों से सुझाव भी मांगे गए थे। इसके बावजूद लोगों की राय को महत्व नहीं दिया गया। बैज ने दावा किया कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक विभिन्न वर्गों ने UCC का विरोध किया है।

आदिवासी समाज के हितों पर उठाए सवाल

दीपक बैज ने कहा कि समान नागरिक संहिता छत्तीसगढ़ और यहां के आदिवासी समाज के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि UCC का मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही और इसकी ड्राफ्टिंग भाजपा कार्यालय में की गई है।

किरण सिंहदेव ने बैज के बयान पर किया पलटवार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बैज के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता। सिंहदेव ने सवाल किया कि क्या दीपक बैज जैसा चाहेंगे, वैसा ही नियम-कानून बनाया जाएगा?

UCC को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रदेश अध्यक्षों के इन बयानों के बाद छत्तीसगढ़ में इस मुद्दे पर सियासी चर्चा तेज हो गई है। एक ओर कांग्रेस ने इसके मसौदे और आदिवासी समाज पर संभावित प्रभाव को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर आपत्ति जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button