छत्तीसगढ़

बस्तर दौरे पर रहेंगे AAP प्रभारी मुकेश अहलावत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत और सह प्रभारी सौरभ झा 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक बस्तर संभाग सहित प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। दस दिनों के इस प्रवास के दौरान दोनों नेता अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उनका दौरा जगदलपुर, बस्तर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, केशकाल, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, सिहावा, डौंडी लोहारा, बालोद और गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्रों तक रहेगा। इन क्षेत्रों में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने के साथ स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की जाएगी।

पार्टी नेतृत्व के इस दौरे को छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। बैठकों के दौरान बूथ स्तर तक संगठन की पहुंच, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, स्थानीय जनसमस्याओं और पार्टी की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

दौरे को लेकर पार्टी ने प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों और पदाधिकारियों को पूरे कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इसके माध्यम से विभिन्न प्रकोष्ठों के बीच समन्वय स्थापित करने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की समीक्षा करने पर भी जोर रहेगा।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना, स्थानीय स्तर पर संगठन की चुनौतियों को समझना और पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना है। दस दिनों तक चलने वाली इन बैठकों के जरिए बस्तर संभाग समेत आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button