छत्तीसगढ़

बैलाडीला में तबाही के बाद जागा वन विभाग, पेड़-पौधों और वन्यजीवों के नुकसान का होगा आकलन

जगदलपुर। बैलाडीला के किरंदुल स्थित डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन के बाद अब वन क्षेत्र को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। वन मंत्री केदार कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित इलाके का विस्तृत अध्ययन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना से जंगल, पेड़-पौधों और वन्यजीवों को कितनी क्षति पहुंची है, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मंत्री केदार कश्यप के मुताबिक, करीब 50 सेक्टर क्षेत्र में मलबा बहने की जानकारी सामने आई है। इसके मद्देनजर अधिकारियों को प्रभावित वन क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण करने और प्राकृतिक संपदा को हुए नुकसान का आकलन करने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अध्ययन रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंचा भूस्खलन का मलबा

गौरतलब है कि डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन का मलबा वन विभाग के फॉरेस्ट कंपार्टमेंट नंबर 673 के आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंच गया है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, करीब ढाई से तीन किलोमीटर के दायरे में मलबा फैलने की बात सामने आई है। इससे वन क्षेत्र और वहां मौजूद प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

एनएमडीसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज

घटना के बाद वन विभाग ने संबंधित एजेंसी एनएमडीसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभागीय जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरक्षित वन क्षेत्र को कितनी क्षति हुई है और इस घटना के लिए किसकी जिम्मेदारी बनती है। विस्तृत जांच और आकलन रिपोर्ट के बाद ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button