छत्तीसगढ़

कोरबा में हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला और बच्ची की मौत

कोरबा । कोरबा जिले में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और 9 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जटगा चौकी क्षेत्र के रावा मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतकों की पहचान ग्राम बरीउमराव निवासी कुंती बाई (35 वर्ष) और मनीषा कुमारी (9 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक बाइक सवार युवक के साथ चौथिया बारात से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक रावा मुख्य मार्ग पर पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सड़क पर गिर पड़े और भारी वाहन का पहिया महिला और बच्ची के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घायल का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

चालक और बाइक सवार दोनों फरार
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं बाइक चला रहा युवक भी हादसे के बाद से लापता है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरों को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button