छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर, विशेषज्ञों ने दी जांच और उपचार संबंधी सलाह

रायपुर, रायगढ़ जिले में कैंसर की समय पर पहचान और उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय में बुधवार को निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। राष्ट्रीय गैर संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत जिला अस्पताल और बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक सलाह दी। शिविर का शुभारंभ महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने किया।

महिलाओं के लिए विशेष जांच की व्यवस्था

शिविर में महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच हेतु मैमोग्राफी मशीन एवं थर्मल स्केनर तथा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही मुंह एवं मुखगुहा के कैंसर की जांच, आवश्यक नमूना संग्रहण तथा बीपी, ब्लड सुगर एवं बीएमआई  की निःशुल्क जांच भी की गई।

कई मरीजों की हुई जांच, विशेषज्ञों ने दिया परामर्श

शिविर के दौरान 10 स्तन कैंसर, 10 मुंह एवं मुखगुहा कैंसर, 2 प्रोस्टेट कैंसर, 2 रक्त कैंसर तथा 3 गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के मरीजों की जांच कर विशेषज्ञों ने उपचार संबंधी सलाह दी। इसके अलावा 40 महिलाओं की स्वाईकल कैंसर की स्क्रीनिंग तथा 10 महिलाओं की मैमोग्राफी जांच भी की गई। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे शिविरों से जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जो सराहनीय पहल है।

शुरुआती लक्षणों को न करें नजरअंदाज

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने कहा कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर उसका सफल उपचार संभव है। ऐसे शिविर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ जोखिम वाले मरीजों की समय पर जांच सुनिश्चित करते हैं। सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल ने बताया कि यदि स्तन में गांठ, मुंह में लंबे समय तक रहने वाला घाव, निगलने में कठिनाई, आवाज में बदलाव, लगातार खांसी, बिना कारण वजन घटना या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सक से जांच करानी चाहिए। शिविर में बालको मेडिकल सेंटर से रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. राजेंद्र प्रसाद पटेल एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. हेमलता उपस्थित रहे। वहीं स्वास्थ्य विभाग से जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, गैर संचारी रोग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. जाविद मारिकर, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. शैलेंद्र मंडल, सीमा बरेठ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button