
रायपुर। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट द्वारा 24 घंटे के भीतर सूखे नशे के एक बड़े अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान लगभग 60 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है, जप्त किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान को केंद्र बनाकर ओडिशा से गांजा मंगवाते थे और वहां से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, आगरा, नोएडा सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करते थे। आरोपी पिछले एक माह से सुनियोजित तरीके से गांजा का भंडारण व परिवहन कर रहे थे, जिसमें रेल मार्ग का उपयोग किया जाता था।
संयुक्त कार्रवाई में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट, थाना उरला, सिविल लाइन एवं कोतवाली पुलिस शामिल रही। अलग-अलग मामलों में थाना उरला, सिविल लाइन और कोतवाली क्षेत्र से आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार कर नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में थाना कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया के दो सहयोगी भी शामिल हैं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ की जा रही है और प्रकरण में End-to-End कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




