भारतव्यापार

LPG के दाम फिर बढ़े, कमर्शियल सिलेंडर हुआ महंगा

नई दिल्ली। सितंबर की शुरुआत ही व्यावसायिक गैस उपभोक्ताओं के लिए महंगाई की खबर लेकर आई है। तेल कंपनियों ने 1 सितंबर 2026 से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अलग-अलग शहरों में सिलेंडर के दाम करीब 9.50 से 10.50 रुपये तक बढ़े हैं। हालांकि, घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नए रेट के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर अब 2,747.50 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 2,738 रुपये थी। इसी तरह मुंबई में कीमत 2,691.50 रुपये से बढ़कर 2,701 रुपये हो गई है।

चेन्नई में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

प्रमुख शहरों की बात करें तो चेन्नई में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 10.50 रुपये महंगा हुआ है। यहां अब 19 किलो का सिलेंडर 2,916.50 रुपये में मिलेगा। पहले इसकी कीमत 2,906 रुपये थी।

वहीं गुरुग्राम में 2,764 रुपये, नोएडा में 2,747.50 रुपये, लखनऊ में 2,870 रुपये और पटना में 3,044 रुपये में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध होगा।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में किया जाता है। कीमत बढ़ने से इन कारोबारों की लागत पर भी असर पड़ सकता है।

5 किलो वाले सिलेंडर के दाम में भी इजाफा

तेल कंपनियों ने 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 2 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसका दाम 762 रुपये से बढ़कर 764 रुपये हो गया है। हालांकि, सामान्य 5 किलो घरेलू सिलेंडर और XTRALITE सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

अगस्त में हुई थी बड़ी कटौती

इससे पहले अगस्त में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती की गई थी। अब सितंबर में मामूली बढ़ोतरी के साथ व्यावसायिक गैस के दाम फिर बढ़ गए हैं।

फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत बरकरार है, क्योंकि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button