भारत

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच मोदी-पेजेशकियन की मुलाकात, SCO समिट में होगी अहम बातचीत

बिश्केक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान के राजकीय दौरे के दूसरे चरण में रविवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचे। यहां वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ उनकी संभावित द्विपक्षीय बैठक को लेकर खासा ध्यान केंद्रित है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, राष्ट्रपति पेजेशकियन भी SCO शिखर सम्मेलन और SCO प्लस बैठक में हिस्सा लेने के लिए बिश्केक पहुंचे हैं। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बातचीत प्रस्तावित है।

युद्ध के बीच मुलाकात की अहमियत बढ़ी

मोदी-पेजेशकियन की संभावित मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। रविवार को अमेरिका की ओर से ईरान के लाराक द्वीप पर हवाई हमला किए जाने का दावा सामने आया। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने हमले में अपने लड़ाकों के साथ नागरिकों के मारे जाने की बात कही है।

इसके बाद ईरान की ओर से जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई। इन घटनाओं के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव फिर तेज हो गया है।

ऐसे माहौल में भारत और ईरान के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत को क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और आपसी सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पेजेशकियन ने कहा- ईरान युद्ध नहीं चाहता

बिश्केक रवाना होने से पहले राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी भी आक्रामक कार्रवाई का मजबूती और दृढ़ संकल्प के साथ जवाब देगा।

उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता को सभी देशों के लिए नुकसानदायक बताते हुए संवाद, सह-अस्तित्व और सहयोग की जरूरत पर जोर दिया। पेजेशकियन ने कहा कि क्षेत्र की हजारों साल पुरानी सभ्यता ने हमेशा संवाद और विकास का रास्ता दिखाया है।

कई नेताओं से मिलेंगे ईरानी राष्ट्रपति

दो दिवसीय दौरे के दौरान पेजेशकियन की किर्गिस्तान, उज्बेकिस्तान और ताजिकिस्तान के राष्ट्राध्यक्षों के अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात होने की संभावना है। वह SCO प्लस बैठक में भी हिस्सा लेंगे।

किर्गिस्तान में मोदी का भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी के बिश्केक पहुंचने पर किर्गिज गणराज्य के कैबिनेट ऑफ मिनिस्टर्स के अध्यक्ष आदिलबेक कासिमालीव ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर वहां पहुंचे हैं।

SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों पर भी नजर रहेगी। ऐसे में ईरान-अमेरिका तनाव के बीच मोदी और पेजेशकियन की संभावित मुलाकात इस दौरे के सबसे अहम कूटनीतिक घटनाक्रमों में से एक हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button