रामनगर चौकी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का किया गया आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रामनगर चौकी में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री फुलबासन यादव उपस्थित रहीं। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईपीएस मानसी नानाभाऊ साकोरे, एसीपी उरला पूर्णिमा लामा, थाना प्रभारी गुढ़ियारी एवं चौकी प्रभारी रामनगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रामनगर क्षेत्र में सक्रिय पुलिस सहयोगियों द्वारा क्षेत्र की मातृशक्ति का सम्मान किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को साड़ी भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया तथा समाज में उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका, उनके सम्मान एवं सुरक्षा को लेकर जागरूकता पर भी प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि पद्मश्री फुलबासन यादव ने अपने उद्बोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को और सशक्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षु आईपीएस मानसी नानाभाऊ साकोरे एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा ने भी उपस्थित महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने महिलाओं से समाज में जागरूकता फैलाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं का सम्मान किया गया तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।




