क्राइम

शादी में आई 8 साल की बच्ची से हैवानियत, 200 मीटर दूर खून से लथपथ मिली

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक शादी समारोह में मां के साथ गई बच्ची के साथ हैवानियत की खबर है। बच्ची जयमाल के समय अचानक से गायब हो गई। परिवार के लोग बच्ची को इधर-उधर ढूंढने लगे। इसी दौरान समारोह स्थल से करीब दो मीटर की दूरी पर बच्ची खून से लथपथ हाल में मिली। बच्ची के साथ हैवानियत किए जाने की आशंका है। उसे गोरखपुर के बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची है। बच्ची जिस स्थान पर मिली वहां से साक्ष्य जुटाए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार शख्स की पहचान कर ली गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना, गोरखपुर के पीपीगंज क्षेत्र के जंगल कौड़िया इलाके में हुई। आठ साल की यह बच्ची यहां एक शादी समारोह में अपनी मां के साथ पहुंची थी। शादी के जश्न के बीच जयमाल शुरू हुआ तो हर किसी का ध्यान मंच पर दूल्हा-दुल्हन पर केंद्रित हो गया। लोग जयमाल देखने में व्यस्त थे इसी दौरान बच्ची गायब हो गई। बच्ची को अपने पास न पाकर मां उसे ढूंढने लगीं जब समारोह स्थल पर कहीं भी बच्ची नहीं मिली तो उन्होंने वहां मौजूद अन्य लोगों को बच्ची के गायब होने के बारे में जानकारी दी और तब कई लोग बच्ची को हर तरफ ढूंढने लगे।

इसी दौरान शादी के समारोह स्थल से करीब दो सौ मीटर दूर बच्ची खून से लथपथ स्थिति में मिली। परिवारीजनों ने तत्काल उसे जंगल कौड़िया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। बच्ची को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही शनिवार की सुबह सीओ अनुराग सिंह और पीपीगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी साथ ले लिया था। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीपीगंज के थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि बच्ची अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। जयमाल के दौरान बच्ची लापता हो गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया। समारोह में लगे ड्रोन कैमरे की फुटेज में आरोपी बच्ची को पंडाल से बाहर ले जाते हुए दिखा। इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई। पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button