मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के लिए प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई को

कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जून आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि
एमसीबी. छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षा संबंधी संशोधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। योजना के तहत विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन उच्च गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार इच्छुक विद्यार्थी ऑफलाइन आवेदन पत्र जिला कार्यालय मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से प्राप्त कर सकते हैं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जमा कर सकेंगे।
आवेदन पत्र विद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 20 जून 2026 (शनिवार) निर्धारित की गई है। इसके पश्चात विद्यालय प्रमुख द्वारा आवेदन पत्रों का परीक्षण कर उन्हें विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को 22 जून 2026 (सोमवार) तक प्रेषित किया जाएगा।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा समस्त आवेदनों की सूची तैयार कर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय कोरिया में 24 जून 2026 (बुधवार) तक जमा की जाएगी। प्राप्त आवेदनों की जानकारी राज्य मुख्यालय को 25 जून 2026 (गुरुवार) को भेजी जाएगी। इसी दिन परीक्षा केंद्रों का निर्धारण तथा प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी और इसकी जानकारी विद्यालयों एवं विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।
राज्य मुख्यालय स्तर पर सीलबंद प्रश्न पत्रों का वितरण 03 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा का आयोजन जिला एवं विकासखंड स्तर पर 05 जुलाई 2026 (रविवार) को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया जाएगा।
परीक्षा सम्पन्न होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन एवं परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया 06 जुलाई 2026 (सोमवार) को प्रारंभ होगी। परीक्षा परिणाम समाचार पत्रों, सोशल मीडिया एवं जिला वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे।
विद्यार्थी एवं अभिभावक अपनी दावा-आपत्ति 09 जुलाई 2026 (गुरुवार) तक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) तक किया जाएगा।
दावा-आपत्ति निराकरण के बाद अंतिम मेरिट सूची 11 जुलाई 2026 (शनिवार) को जारी की जाएगी तथा चयनित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को मोबाइल के माध्यम से सूचना प्रदान की जाएगी। साथ ही जिला स्तरीय काउंसलिंग की तिथि की जानकारी भी जारी की जाएगी।
जिला स्तरीय काउंसलिंग समिति द्वारा काउंसलिंग का आयोजन 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को किया जाएगा। इसके उपरांत चयनित विद्यार्थियों की जानकारी अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्गवार राज्य मुख्यालय को 15 जुलाई 2026 (बुधवार) को भेजी जाएगी।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट तथा जिला कार्यालय आदिवासी विकास विभाग, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से प्राप्त की जा सकती है। यह योजना अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।



