छत्तीसगढ़

अग्रवाल समाज का विरोध प्रदर्शन: अभद्र टिप्पणी के विरोध में थाना घेराव, ज्ञापन सौंपा

रायपुर । महाराजा अग्रसेन जी, भगवान झूलेलाल जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले क्रांति सेना के अमित बघेल के बयान से आहत अग्रवाल समाज सड़कों पर उतर आया। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष किशन अग्रवाल और अग्रवाल सभा अध्यक्ष विजय अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों समाजजनों ने कोतवाली थाना का घेराव किया और CSP केसरीनंदन नायक को ज्ञापन सौंपा। समाज ने दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। विजय अग्रवाल ने बताया कि अमित बघेल की इस अमर्यादित टिप्पणी को लेकर प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विरोध हो रहा है। विभिन्न राज्यों से समाज के प्रतिनिधि लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, सराईपाली सहित प्रदेश के सभी जिलों में समाजजन स्थानीय थानों का घेराव कर FIR दर्ज कराने और न्यायिक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित योगी अग्रवाल ने कहा, “महाराजा अग्रसेन जी केवल अग्रवाल समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय समाज के लिए त्याग, सेवा और समानता के प्रतीक हैं। ऐसे राष्ट्रपुरुषों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।”
प्रदेश अध्यक्ष किशन अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि समाज का यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि समाज की गरिमा और परंपरा की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा राष्ट्र निर्माण, सेवा कार्य और सामाजिक सद्भाव के लिए समर्पित रहा है, लेकिन यदि भविष्य में ऐसी टिप्पणियाँ दोहराई गईं, तो समाज प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए तैयार रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button