लिवर खराब होने पर कहां-कहां दर्द होता है?

लिवर हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग है। इसकी मदद से कई तरह के कार्यों को किया जा सकता है। लिवर का मुख्य कार्य खाना पचाना, पित्त बनाना, ब्लड को फिल्टर करना इत्यादि है। ऐसे में अगर लिवर में किसी तरह की परेशानी हो जाए, तो शरीर के कई कार्य ठप्प हो सकते हैं। लिवर खराब होने की स्थिति में कई तरह की परेशानी होती है, जिसमें शरीर के कुछ हिस्सों में दर्द होना भी शामिल है। इस लेख में हम आपको बताएंगे, लिवर में खराबी होने पर शरीर के किस-किस हिस्से में दर्द होता है। इस विषय की अधिक जानकारी के लिए हमने डॉ. विजयकुमार सी. बाड़ा, जो गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, एचपीबी साइंसेज़, मिनिमल एक्सेस और रोबोटिक सर्जरी के वरिष्ठ विशेषज्ञ हैं, उनसे बातचीत की है।
डॉक्टर विजयकुमार बताते हैं कि लिवर से जुड़ा दर्द अक्सर सीधे महसूस नहीं होता। इसका मुख्य कारण यह है कि लिवर में दर्द महसूस कराने वाली नसें बहुत कम होती हैं। इसलिए जब लिवर में कोई समस्या होती है, तो दर्द सीधे लिवर से नहीं बल्कि उसके आसपास के अंगों, सूजन या दबाव के कारण महसूस होता है। डॉक्टर कहते हैं कि जब लिवर में सिरोसिस, हेपेटाइटिस, फैटी लिवर या अत्यधिक शराब के सेवन जैसी स्थितियां विकसित होती हैं, तो लिवर में सूजन या इसके आकार में वृद्धि हो सकती है। इससे आसपास की झिल्ली और अन्य अंगों पर दबाव पड़ता है, जो दर्द या असहजता का कारण बनता है। आइए जानते हैं लिवर खराब होने पर कहां-कहां दर्द होता है?
लिवर खराह होने पर दर्द कहां-कहां महसूस होता है?
लिवर में अगर किसी तरह की परेशानी हो जाए, तो इसके आसपास दर्द महसूस हो सकता है, जैसे-
पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में होता है दर्द
सबसे सामान्य स्थान पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में होता है। यह जगह आपकी दाहिनी पसलियों के नीचे होती है, जहां लिवर स्थित होता है। यहां क दर्द आपको हल्का, भारीपन या दबाव जैसा महसूस हो सकता है। इस हिस्से में तब ज्यादा दर्द महसूस होता है, जब आप काफी तला-भुना या ज्यादा फैट वाली डाइट लेते हैं। इसके अलावा शराब का सेवन करने वालों को भी इस हिस्से में दर्द बढ़ सकता है।
दाहिने कंधे या पीठ पर दर्द
कई बार यह दर्द सीधे उसी जगह पर महसूस नहीं होता, बल्कि शरीर के अन्य हिस्सों में भी दर्द हो सकता है। कुछ लोगों को दाहिने कंधे, पीठ या पेट के ऊपरी बीच वाले हिस्से में दर्द महसूस हो सकता है। यह इसलिए होता है क्योंकि लिवर और इन अंगों की नसें आपस में जुड़ी होती हैं।
अगर स्थिति अधिक गंभीर हो जाए, तो पूरे पेट में भारीपन, सूजन या असहजता महसूस हो सकती है। मुख्यतौर पर जब पेट में पानी भरने की समस्या हो जाती है, तो पेट फूलने लगता है और चलने-फिरने में भी परेशानी हो सकती है।
किन लक्षणों पर देना चाहिए ध्यान
लिवर की बीमारी या किसी तरह की खराबी में हमारा शरीर दर्द के साथ कुछ और संकेत दे सकता है, जैसे-
- लगातार थकान
- स्किन और आंखों का पीला पड़ना
- मतली और उल्टी जैसा महसूस होना
- पेशाब का रंग गहरा होना
- पैरों या पेट में सूजन, इत्यादि।
ध्यान देने वाली बात यह है कि लिवर की शुरुआती समस्याएं अक्सर बिना किसी दर्द के भी हो सकती हैं, इसलिए नियमित जांच जरूरी है।




