भारत

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 की मौत; कई मजदूर मलबे में फंसे

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाके शुरू हो गए। हादसा पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में करीब दोपहर 12 बजे हुआ। लगातार हुए धमाकों की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई है।

धमाके के बाद फैक्ट्री से उठे धुएं के घने गुबार ने आसपास के इलाके को घेर लिया। अचानक हुए इस हादसे से मनौरी बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री के आसपास मौजूद कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा।

फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर झुलसे

हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 25 कर्मचारी फैक्ट्री में मौजूद थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

विस्फोट के बाद कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने का काम जारी है।

फैक्ट्री पूरी तरह मलबे में तब्दील

जोरदार धमाके के बाद पटाखा फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा ढह गया। आसपास के 5 से 7 मकानों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

अब तक 5 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। करीब 15 लोगों के मलबे में फंसे होने की शुरुआती जानकारी सामने आई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या की अंतिम पुष्टि का इंतजार है।

पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कौशांबी पुलिस के साथ एयरफोर्स की टीमें भी राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं।

सर्किल ऑफिसर शिवांग सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है। मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button