छत्तीसगढ़

भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति संपन्न, पवन साय ने किया शुभारंभ तो मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया समापन

किसानों के हित और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन, नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय ने किया, जबकि समापन एवं मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। कार्यसमिति में किसान हित, संगठन को मजबूत करने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण का भाव जगाया। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा केवल एक अलग संगठनात्मक इकाई नहीं, बल्कि भाजपा के मुख्य संगठन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मोर्चा में सक्रिय कार्यकर्ताओं के लिए मुख्य संगठन में नेतृत्व की संभावनाओं के द्वार खुले हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कृषि मंत्री नेताम ने बताया किसान और कृषि का महत्व

छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों का बोध कराया। उन्होंने किसान और कृषि के महत्व को बारीकी से कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं, नीतियों और उनके प्रभावों की उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।

तोखन साहू ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश में शौचालय निर्माण की बात सामने रखी गई थी, तब विपक्ष द्वारा इसका विरोध किया गया, लेकिन आज वही पहल महिलाओं, बेटियों और माताओं के सम्मान से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बन चुकी है।

उन्होंने वर्ष 2014 से लेकर 2026 तक देश में हुए विकास कार्यों को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि इस अवधि में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और उनकी बेदाग छवि को भी संगठन के समक्ष प्रमुखता से रखा।

आलोक ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह

प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष आलोक ठाकुर ने अपने ओजस्वी संबोधन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दायित्व संभालने से लेकर अब तक किसान मोर्चा द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष रखा। उन्होंने मोर्चा को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए आगामी कार्ययोजनाओं पर भी प्रकाश डाला।

किसान हित में बेहतर कार्यों को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव पारित

कार्यसमिति में किसान हित से जुड़े विषयों को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा गया। इसमें प्रदेश में किसानों के लिए और बेहतर एवं श्रेष्ठ कार्य किस प्रकार किए जा सकते हैं, इस पर चर्चा की गई। प्रस्ताव को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने नक्सल उन्मूलन से लेकर धान खरीदी तक गिनाईं उपलब्धियां

समापन सत्र एवं मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश लगातार नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विकास कार्यों के विस्तार, शिक्षा के स्तर में सुधार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को धान खरीदी के लिए अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 354 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे। उन्होंने किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 11 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं से जुड़े कार्यों को आगामी दो वर्षों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसान, गरीब, युवा और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

कार्यसमिति के दौरान किसान मोर्चा के पदाधिकारी, प्रदेश एवं जिला स्तर के कार्यकर्ता तथा भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा किसानों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपरोक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, संगठन महामंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, आलोक ठाकुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा, विशेश्वर पटेल, संदीप शर्मा, नवीन मार्कण्डेय, चंद्रहास चंद्राकर, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रभारी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ बजरंगी प्रसाद यादव, राष्ट्रीय मंत्री पिंकी शिवराज शाह, पवन साहू, पूनम चंद्राकर, अशोक बजाज, महामंत्री राकेश तिवारी, महामंत्री ओमप्रकाश देवांगन, मुन्ना लाल चौधरी, अनिल अग्रवाल, बबलू शर्मा, यशवर्धन वर्मा, भुवनेश्वर चंद्राकर, देवेन्द्र ठाकुर, राजेश साहू, प्रशांत ठाकुर सहित किसान मोर्चा के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button