छत्तीसगढ़

कांग्रेस ज्वाइन करने के एक सप्ताह बाद 150 से अधिक कार्यकर्ताओं की ‘आप’ में वापसी

  • आप जनता के अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं के लिए लड़ती रहेगी लड़ाई

रायपुर । कांग्रेस में जाने के लगभग 10 दिन बाद आम आदमी पार्टी के नेता नूर हसन अली के नेतृत्व में अंबिकापुर में 150 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी में पुनः वापसी की है।कार्यकर्ताओं की वापसी के बाद आयोजित सम्मेलन में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क सहित सरगुजा की जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को मजबूती से उठाने और जनता के बीच सक्रिय रूप से काम करने का संकल्प लिया गया।

प्रदेश संगठन महासचिव सरदार जसबीर सिंह चावला जी ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। 150 से अधिक कार्यकर्ताओं की वापसी से संगठन में नई ऊर्जा आई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता के साथ संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रदेश प्रवक्ता लव कुमार दुबे की गिरफ्तारी पर ‘आप’ ने जताया कड़ा एतराज, बलरामपुर कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ हाईकोर्ट जाएगी पार्टी

प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय ने बलरामपुर में प्रदेश प्रवक्ता लव कुमार दुबे की गिरफ्तारी पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि लव कुमार दुबे सैकड़ों ग्रामीणों के साथ क्षेत्र की बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर सड़क की मांग करने गए थे। ऐसे में जनता के बुनियादी मुद्दे को उठाने वाले आप नेता की गिरफ्तारी गंभीर विषय है।उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवालों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि लव कुमार दुबे की गिरफ्तारी और जमानत की प्रक्रिया को लेकर पार्टी बलरामपुर कलेक्टर और एसडीएम की भूमिका के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख करेगी।

प्रदेश प्रवक्ता लव कुमार दुबे ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस सरगुजा में भाजपा और कांग्रेस जनता के सामने भले ही अलग-अलग दिखाई दें, लेकिन कई मामलों में दोनों की भूमिका एक जैसी नजर आती है। सरकार किसी की भी रही हो, ठेकेदारी और व्यापार के मामलों में आपसी तालमेल और हिस्सेदारी के आरोप सामने आते रहे हैं।

नूर हसन अली ने कहा कि मैंने अपनी गलती से और भावनाओं में आकर अपने साथियों के साथ कांग्रेस ज्वाइन किया था। लेकिन जल्द ही अपनी गलती का अहसास हुआ और मैंने घर वापसी करने का निर्णय लिया। अब हम सभी साथियों के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी को मजबूत करने और जनता के मुद्दों के लिए काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button