छत्तीसगढ़

छूटे एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान शुरू

उत्तर बस्तर कांकेर, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के सतत अद्यतनीकरण के अंतर्गत छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ऐसे युवा एवं पहली बार पात्र बने मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा घर-घर भ्रमण कर पात्र नागरिकों की जानकारी ली जाएगी तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना विधिवत पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की है। मतदाता सूची में अपना पंजीकरण कराकर नाम जुड़वाने के लिए बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑफलाइन आवेदन के अलावा ईसीआईनेट  (ECINET) मोबाइल ऐप अथवा वेबसाइट https://voters.eci.gov.in  के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। आवेदन पत्र जमा करने की सुविधा के लिए जिले के सभी मतदान केंद्र स्तर पर शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान जिले के सभी स्कूलों एवं महाविद्यालयों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लब के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में पंजीयन ऑफलाइन एवं ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button