AAP के विरोध के डर से छत्तीसगढ़ दौरा रद्द किया ज्ञानेश कुमार ने , पद का किया दुरुपयोग, तुरंत दें इस्तीफा- अभिषेक मिश्रा

रायपुर । भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा रद्द होने पर आम आदमी पार्टी (आप) ने तीखा हमला बोला है। पार्टी ने कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आम आदमी पार्टी के प्रबल विरोध और जनता के सवालों के डर से अपना दौरा रद्द करने पर मजबूर हुए हैं।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने अपने संवैधानिक पद की गरिमा का उल्लंघन किया है और निष्पक्षता की कसौटी पर पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। पद के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुँचाने के विरोध में आम आदमी पार्टी उनके तत्काल इस्तीफे की माँग करती है।
उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक आम आदमी पार्टी उनकी गिरफ्तारी और इस्तीफे की माँग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को बचाने के लिए आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर हर मंच तक उग्र आंदोलन और लड़ाई जारी रखेगी।




