छत्तीसगढ़

बिटिया @Work के तहत छात्राओं ने जाना सखी वन स्टॉप सेंटर का कामकाज

सखी सेंटर की सुविधाओं, महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी

रायपुर, बालिकाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और भविष्य के अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से सूरजपुर में ‘बिटिया @Work’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण केंद्र द्वारा भारत सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवापारा की छात्राओं को सखी वन स्टॉप सेंटर, सूरजपुर का भ्रमण कराया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल के मार्गदर्शन में हुए इस भ्रमण के दौरान छात्राओं को सखी वन स्टॉप सेंटर की संरचना और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि संकटग्रस्त महिलाओं को केंद्र में एक ही स्थान पर किस प्रकार सहायता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही समाज में सेंटर की भूमिका और महिला सुरक्षा के लिए संचालित सेवाओं से भी परिचित कराया गया।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं सेवाओं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, घरेलू हिंसा अधिनियम, महिला कोष, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। छात्राओं को आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के उपाय भी बताए गए।

छात्राओं को शासकीय सेवाओं में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, विभिन्न पदों की कार्यप्रकृति तथा समाज और राष्ट्र के विकास में प्रशासनिक संस्थाओं की भूमिका के बारे में भी बताया गया। उन्हें अपने भविष्य के लिए लक्ष्य तय करने, स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने और व्यावसायिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

‘बिटिया @Work’ अभियान बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने के कौशल और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने की दिशा में सार्थक पहल है। ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं को महिला सुरक्षा और सहायता तंत्र की जानकारी मिलने के साथ ही करियर के विविध अवसरों को समझने का अवसर मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button