GPM News: मरवाही में 62 हाथियों के दल ने डाला डेरा, ड्रोन से हुई संख्या की पुष्टि; किसानों की बढ़ी चिंता

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती मौजूदगी ने वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले इस हाथी दल में करीब 55 हाथियों के होने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन ड्रोन कैमरे की मदद से की गई निगरानी और गिनती में कुल 62 हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का यह दल पहले दो से तीन छोटे समूहों में बंटकर अलग-अलग स्थानों पर विचरण कर रहा था। इस वजह से उनकी वास्तविक संख्या का पता लगाना मुश्किल हो रहा था। वन विभाग ने ड्रोन के जरिए आसमान से निगरानी कर हाथियों की गिनती कराई, जिसके बाद उनकी संख्या 62 दर्ज की गई।
मरवाही वन मंडल के डीएफओ एवं आईएफएस अधिकारी कुमार निशांत ने भी ड्रोन से की गई गिनती में 62 हाथियों के होने की पुष्टि की है।
फसलों को नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता
एक साथ बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी से क्षेत्र के किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाथियों का दल खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है और उन्हें अपना भोजन बना रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता बनी हुई है।
वन विभाग और हाथी मित्र दल सतर्क
स्थिति को देखते हुए वन विभाग के मैदानी कर्मचारी और हाथी मित्र दल लगातार सक्रिय हैं। टीम हाथियों की आवाजाही और उनके ठहरने वाले स्थानों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने और हाथियों के साथ किसी भी तरह के टकराव की स्थिति को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वन विभाग की निगरानी के बीच अब ग्रामीणों और किसानों की नजर इस बात पर है कि हाथियों का यह बड़ा दल आगे किस दिशा में बढ़ता है और फसलों को होने वाले नुकसान से बचाव के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।




