छत्तीसगढ़

किसान मितान अभियान से किसानों की समस्याओं का होगा समाधान, 27 हजार से अधिक मतदान केंद्रों तक पहुंचेगा भाजपा किसान मोर्चा

भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक एवं प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित, 27 हजार से अधिक मतदान केंद्रों तक पहुंचेगा अभियान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित ऑडिटोरियम में भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक एवं ‘किसान मितान’ प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह प्रमुख रूप से शामिल हुए।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि ‘किसान मितान’ अभियान प्रदेश के किसानों और शासन के बीच मजबूत सेतु का काम करेगा। अभियान के तहत प्रदेश के 27 हजार से अधिक मतदान केंद्रों तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को सुना जाएगा। साथ ही उनके निराकरण के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।

वक्ताओं ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक किसान तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में किसान मोर्चा के कार्यकर्ता किसानों के हितों को लेकर लगातार सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। कार्यशाला के सफल आयोजन और संगठन को मजबूत बनाने के प्रयासों के लिए उन्हें बधाई दी गई।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी अशोक बजाज, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी एवं नवीन मार्कण्डेय, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री शंभू कुमार, पिंकी शिवराज शाह, बजरंगी यादव तथा प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी और ओमप्रकाश देवांगन सहित मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button