छत्तीसगढ़

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ का जलवा, तीन शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। इन निकायों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। पुरस्कार समारोह 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित इस समारोह में सुबह 11:30 बजे से पुरस्कार वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे।

अरुण साव समेत प्रदेश के प्रतिनिधि होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके साथ विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल तथा चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी भी समारोह में भाग लेंगे।

सफाई मित्रों और नागरिकों की मेहनत को मिला सम्मान

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस सफलता के पीछे नगरीय निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अहम रही है।

इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसके जरिए स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से जुड़ा अभियान बनाने पर जोर दिया गया है।

पिछले सर्वेक्षण में भी मिला था राष्ट्रीय सम्मान

खास बात यह है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के पिछले संस्करण में भी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। लगातार दूसरी बार इन निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना छत्तीसगढ़ में स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सहभागिता के प्रयासों को दर्शाता है।

राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलने से प्रदेश के नगरीय निकायों के साथ-साथ सफाई मित्रों और स्वच्छता अभियान से जुड़े सभी लोगों का उत्साह बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button