भारत

UP की बदलती तस्वीर पर बोले योगी आदित्यनाथ, निवेश से लेकर रक्षा उत्पादन तक गिनाईं बड़ी उपलब्धियां

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान में बड़ा बदलाव आया है। जिस प्रदेश में कभी कट्टा और बम बनाए जाते थे, वहां आज ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के बदलते औद्योगिक और सुरक्षा क्षेत्र का बड़ा उदाहरण बताया।

सीएनएन न्यूज-18 को दिए एक इंटरव्यू में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश के लिए देश के सबसे अनुकूल राज्यों में शामिल हो चुका है। प्रदेश में तेजी से औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और बड़े निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं। उन्होंने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया।

यूपी की अर्थव्यवस्था को मिली नई पहचान: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाने का काम किया है। प्रदेश तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना रहा है। निवेशकों के लिए सरकार ने बेहतर माहौल तैयार किया है, जिसके परिणामस्वरूप उद्योग और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

उन्होंने जेवर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मेट्रो विस्तार और बिजली आपूर्ति में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि अब विकास का लाभ सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।

‘वे कट्टा-बम बनाते थे, हम ब्रह्मोस बनाते हैं’

समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में अपराध और अव्यवस्था की स्थिति थी, जबकि आज रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

उन्होंने कहा, “जिस प्रदेश में कभी कट्टा और बम बनते थे, उस प्रदेश में आज ब्रह्मोस मिसाइलें बन रही हैं। वे कट्टा और बम बनाते थे, हम ब्रह्मोस बनाकर भारतीय सेना को आपूर्ति कर रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने ब्रह्मोस मिसाइल को देश की सैन्य ताकत का प्रतीक बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट से बदल रही यूपी की तस्वीर

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हुए बुनियादी ढांचे के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे को प्रदेश की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उनका कहना है कि इन परियोजनाओं से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क बेहतर हुआ है। इसके साथ ही जेवर एयरपोर्ट और मेट्रो परियोजनाएं प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति दे रही हैं।

तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा

इंटरव्यू के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के 320 सीटों के लक्ष्य को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि भाजपा लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल होगी।

उन्होंने कहा कि चुनावी परिस्थितियां भाजपा के पक्ष में हैं और पार्टी एक बार फिर मजबूत जनादेश हासिल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button