मंत्री की सिफारिश पर हरकत में आई पुलिस, विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार को घेरा

अंबिकापुर। अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख रुपये से अधिक की चोरी की घटना और पुलिस की कथित निष्क्रियता ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के करीब एक महीने बाद भी कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मामले ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है।
व्यापारियों की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल को स्वयं कोतवाली थाना प्रभारी से फोन पर बात करनी पड़ी। मंत्री ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनके हस्तक्षेप के बाद थाना प्रभारी ने दो दिन के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
इस घटनाक्रम को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब एक बड़ी चोरी के मामले में कार्रवाई के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री को खुद पुलिस अधिकारी को फोन करना पड़ रहा है, तो आम नागरिकों की शिकायतों का क्या हाल होगा?
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश में न्याय पाने के लिए आम आदमी को किसी मंत्री, विधायक या प्रभावशाली व्यक्ति की सिफारिश की जरूरत पड़ेगी? क्या बिना राजनीतिक हस्तक्षेप के पुलिस आम नागरिकों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर सकती?
इस मामले ने व्यापारिक संगठनों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों का मानना है कि यदि बड़ी चोरी की घटनाओं में समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो अपराधियों के हौसले बढ़ सकते हैं। वहीं पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और आम जनता की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
50 लाख रुपये से अधिक की चोरी का यह मामला अब केवल अपराध तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रदेश में आम नागरिकों को न्याय मिलने की व्यवस्था पर भी चर्चा का विषय बन गया है।




