संविधान रक्षा मार्च के जरिए कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

रायपुर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राजधानी रायपुर में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत संविधान रक्षा मार्च का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा का संदेश देगी।
कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मिलीभगत से देश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे करोड़ों नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं। पार्टी का कहना है कि लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के अधिकारों का सवाल आज देशव्यापी बहस का विषय बन गया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी देशभर में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर आवाज उठा रही है। कांग्रेस का कहना है कि संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को दिया गया मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसे किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
इसी उद्देश्य से आयोजित संविधान रक्षा मार्च में प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। कांग्रेस ने सभी लोकतंत्र समर्थक नागरिकों से इस अभियान में सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा है कि संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होना समय की आवश्यकता है।
कांग्रेस का संदेश है— संविधान हमारा अधिकार, वोट हमारा अधिकार। वोट बचाओ, देश बचाओ!




