छत्तीसगढ़

गुढ़ियारी में 5 सितंबर को गूंजेगा ‘जय कन्हैया लाल की’, दही हांडी विजेता को 15 लाख का इनाम

रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में एक बार फिर भव्य दही हांडी उत्सव की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से 5 सितंबर 2026, शनिवार को अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में विशाल दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।

आयोजन के 16वें वर्ष में इस बार उत्सव को पहले से ज्यादा भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा सहित कई राज्यों की गोविंदा टोलियां अपनी प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के विजेता दल को 15 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल अन्य गोविंदा टोलियों को भी समिति की ओर से प्रोत्साहन एवं सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।

26 से अधिक टोलियों ने कराया पंजीयन

समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेंद्र साहू के अनुसार अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से करीब 26 गोविंदा एवं महिला गोविंदा टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर तथा जबलपुर से भी टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए नाम दर्ज कराया है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

बी प्राक की आवाज पर झूमेंगे युवा

दही हांडी प्रतियोगिता के साथ इस वर्ष भव्य सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में लोकप्रिय गायक बी प्राक, अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की चर्चित लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी। धार्मिक आस्था और संगीत के इस संगम में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों के साथ युवा वर्ग के पहुंचने की उम्मीद है।

पुरुष और महिला दही हांडी के साथ ग्रीस पोल बनेगा रोमांच

उत्सव में पुरुष दही हांडी और महिला दही हांडी प्रतियोगिता के साथ ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी भी खास आकर्षण रहेगी। अलग-अलग राज्यों से पहुंचने वाली गोविंदा टोलियां मानव पिरामिड बनाकर हांडी फोड़ने की चुनौती को पूरा करेंगी। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

सुरक्षा के लिए प्रशासन के सहयोग से इंतजाम

आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन के सहयोग से पुलिस बल की तैनाती, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रतियोगिता के दौरान किसी टोली द्वारा स्वयं किए गए प्रयास के कारण होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की होगी।

समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में आयोजन में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को यादगार बनाएं।

प्रेस वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम एवं भगत अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button