मनोरंजन

मुंबई क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा, रणवीर सिंह को बिश्नोई गैंग के खास गुर्गे हैरी बॉक्सर ने दी 1 करोड़ की धमकी

मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले के बाद अब अभिनेता रणवीर सिंह को मिली धमकी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, बिश्नोई गैंग से जुड़े कथित गुर्गे हैरी बॉक्सर ने व्हाट्सएप वॉयस नोट के जरिए रणवीर सिंह से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। क्राइम ब्रांच की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि भेजे गए वॉयस नोट में सुनी गई आवाज हैरी बॉक्सर से मिलती-जुलती है।

हालांकि पुलिस ने अंतिम पुष्टि के लिए उस ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक तौर पर आवाज की पुष्टि की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता को सीधे तौर पर धमकी नहीं दी गई, बल्कि उनके मैनेजर के फोन पर वॉयस नोट भेजा गया था। जैसे ही यह मामला सामने आया, रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने उनके मैनेजर का बयान भी दर्ज किया है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

जांच में यह भी पता चला है कि धमकी भेजने के लिए वीपीएन नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया था, जिसकी लोकेशन देश के बाहर की बताई जा रही है। असली लोकेशन का पता लगाने के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि संदेश किस स्थान से भेजा गया था। मुंबई क्राइम ब्रांच का मानना है कि रोहित शेट्टी के घर फायरिंग और रणवीर सिंह को मिली धमकी आपस में जुड़ी हो सकती हैं। दोनों ही इंडस्ट्री में करीबी माने जाते हैं और साथ में कई फिल्मों में काम कर चुके हैं।

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या डराने और वसूली के मकसद से इन घटनाओं को अंजाम दिया गया। इसके अलावा, पुलिस ने अभिनेता आयुष शर्मा के मैनेजर का भी बयान दर्ज किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इन सभी मामलों के पीछे एक ही नेटवर्क सक्रिय है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही और बड़े खुलासे कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button