खेल

छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा का ‘नया सवेरा’, कौशल, अनुसंधान और रोजगार से गढ़ा जा रहा भविष्य

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में अगले सीजन से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम के दिग्गज कोच स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद अब नए हेड कोच की तलाश तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेस में सबसे उपर माइकल हसी का नाम चल रहा है और सीएसके ने नए कोच के नाम का ऐलान करने के लिए 20 सितंबर की डेडलाइन तय की है। इसी बीच सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या महेंद्र सिंह धोनी अब खिलाड़ी के बजाय सीएसके के डगआउट से टीम की कमान संभालेंगे?

धोनी को सीएसके का नया हेड कोच बनाए जाने की चर्चा ने फैंस के बीच काफी उत्सुकता बढ़ा दी है। धोनी ने IPL 2026 में एक भी मैच नहीं खेला था और उनकी फिटनेस को लेकर भी सवाल रहे हैं। ऐसे में अगर वो बतौर खिलाड़ी वापसी नहीं करते हैं तो सीएसके के साथ उनकी भूमिका बदल सकती है।

हालांकि, मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी को आधिकारिक हेड कोच बनाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। उनके भविष्य को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। बताया जा रहा है कि धोनी नए कोच के चयन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर वो टीम के अगले लीडर को चुनने में मदद कर सकते हैं। ऐसी भी चर्चा है कि आईपीएल 2027 में धोनी टीम के मेंटोर की भूमिका में नजर आ सकते हैं।

इस भूमिका में वो टीम की रणनीति, खिलाड़ियों के चयन और सीएसके की पूरी क्रिकेट योजना में बड़ा योगदान दे सकते हैं, जबकि रोजाना की कोचिंग और मैदान से जुड़े फैसले नया हेड कोच संभालेगा। धोनी का सीएसके के साथ रिश्ता बेहद खास है। वो टीम को पांच IPL खिताब दिला चुके हैं और फ्रेंचाइजी की संस्कृति को सबसे अच्छी तरह समझने वाले लोगों में शामिल हैं। अगर वो आईपीएल 2027 में खिलाड़ी के तौर पर वापसी नहीं करते हैं, तो फैंस के लिए उन्हें डगआउट में एक नई भूमिका में देखना बेहद दिलचस्प होगा। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर ‘कोच धोनी’ की चर्चा लगातार जोर पकड़ रही है।

सीएसके के नए कोच की दौड़ में माइकल हसी और गैरी कर्स्टन जैसे नामों की चर्चा है। ऐसे में एक संभावना ये भी है कि इनमें से कोई आधिकारिक हेड कोच बने, जबकि महेंद्र सिंह धोनी टीम के मेंटोर के रूप में रणनीतिक फैसलों में बड़ी भूमिका निभाएं। यानी धोनी हेड कोच न भी बनें, फिर भी वो कोच से कम नहीं वाली भूमिका में दिखाई दे सकते हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अगले सीजन की तैयारी का ये अहम दौर है। 20 सितंबर तक नए हेड कोच के नाम का ऐलान होने की उम्मीद है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है क्या धोनी एक बार फिर फैंस को चौंकाते हुए सीएसके के लिए नई जिम्मेदारी संभालेंगे, या टीम की कमान किसी दूसरे दिग्गज को सौंपी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button