भाजपा सरकार में अधिकारी बिना परीक्षण के ही नाली के स्लैब के ऊपर 40 लाख रूपये की दीवार खड़ी कर दिये हैं

विकास उपाध्याय ने उपमुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कहा नाली के स्लैब के ऊपर दीवार खड़ी करना अवैध प्रक्रिया संबंधित अधिकारी पर तत्काल हो कार्यवाही
रायपुर । पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने आज उपमुख्यमंत्री अरूण साव जी को पत्र लिखा और बताया कि राजधानी में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा रिंग रोड के आगे अमलीडीह के करीब 1.5 कि.मी. क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किनारे नाली के स्लैब के ऊपर दीवार खड़ी कर दी गई है, जो अवैध प्रक्रिया है और तत्काल संबंधित अधिकारी के ऊपर कार्यवाही करनी होगी।

उपाध्याय ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जनता को अवगत् कराया है कि ऐसे कार्य तो सिर्फ भाजपा की सरकार में संभव है जहाँ जरूरत नहीं वहाँ भी जनता के पैसों का दुरूपयोग कर पूरा कमिशन वसूला जाता है। उपाध्याय ने कहा कि किसी भी नाले के पाटे पर किसी भी प्रकार का निर्माण करना अवैध है। सामान्य रूप से नाली के ऊपर डाली जाने वाली स्लैब पर दिवाल तो बनाया ही नहीं जा सकता। ड्रेनेज को कवर्ड करने के लिए जो स्लैब डाला गया है उसके ऊपर किसी प्रकार का भार देने के पूर्व यह परीक्षण करना अनिवार्य हो जाता है कि स्लैब भार को वहन करने की क्षमता रखेगा या नहीं। उस ऐरिया में साफ-साफ देखा जा रहा है कि कैसे अधिकारी द्वारा सरकारी फण्ड का दुरूपयोग किया गया है, इससे तो भविष्य में दुर्घटना की संभावना बढ़ेगी ही और साथ ही एक्सप्रेस-वे जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर इस तरह की गलती से न केवल विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े होंगे, बल्कि आम जनता की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। उपाध्याय ने शीघ्र ही संबंधित अधिकारी के ऊपर कड़ी कार्यवाही की मांग उठाई है और ऐसी लापरवाही दोबारा न हो इसके लिए सरकार को सचेत भी किया है।




