
दुर्ग-भिलाई से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं। रेड सिग्नल पर खड़ी दो बाइकों को एक बेकाबू कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक 15 साल के नाबालिग नूर खान और रायपुर निवासी मनोहर की मौत हो गई, जबकि सलीम नामक युवक गंभीर हालत में ICU में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि नूर, सलीम और मनोहर AC बनाने का काम करते थे और काम से लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़ी उनकी स्कूटी को पीछे से रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने नूर खान और मनोहर को मृत घोषित कर दिया। घायल सलीम का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
इस पूरे मामले में सबसे दर्दनाक बयान नूर खान की मामी का सामने आया है। उन्होंने कहा— ‘हमें हमारा नूर वापस चाहिए… नहीं तो इंसाफ चाहिए।’ परिवार का आरोप है कि कार चालक बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
पुलिस ने आरोपी कार चालक सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल— क्या शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार का ये आतंक कब रुकेगा? क्या रेड सिग्नल पर खड़ा होना भी अब सुरक्षित नहीं रहा?
फिलहाल, पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर गुस्सा और शोक का माहौल है। मृतकों के परिवार इंसाफ की मांग कर रहे हैं।




