छत्तीसगढ़

रायपुर में प्री-मानसून बारिश से राहत, अगले तीन दिनों में मानसून की दस्तक के संकेत

रायपुर । राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई प्री-मानसून बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिलाई। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 11 जून से मौसम गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है। बीते 24 घंटों में बस्तर जिले के तोकापाल में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

प्रदेश में सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण तथा द्रोणिका के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

मंगलवार को रायपुर में सुबह से बादल छाए रहे। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button