क्राइमछत्तीसगढ़

युवती की मौत के मामले में प्रेमी गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में होटल के कमरे में युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी का वादा कर मुकरने, मारपीट और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने के साथ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

शादी को लेकर हुआ था विवाद

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान कवर्धा निवासी पिंकी मानिकपुरी (22) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पिंकी का धमतरी के गोकुलपुर वार्ड क्रमांक 36 निवासी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। हालांकि, उसके अन्य युवतियों से भी संबंध होने की बात सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

होटल में मिलने पहुंचा था आरोपी

बताया गया है कि 24 सितंबर को पिंकी कवर्धा से धमतरी पहुंची और होटल CG-05 के कमरा नंबर 106 में रुकी। पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर उससे मिलने होटल पहुंचा। इस दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की बात भी सामने आई है।

होटल के कमरे में युवती ने की आत्महत्या

पुलिस की जांच में युवती को पहले भी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। 25 सितंबर को पिंकी ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया।

9 अक्टूबर को हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने 9 अक्टूबर को टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button