छत्तीसगढ़

अंबिकापुर के मेडिकल स्टोर में नशीली दवाओं का कारोबार, संचालक गिरफ्तार

  • उत्तर प्रदेश से लाकर बेचता था प्रतिबंधित दवाइयां, 207 कफ सिरप और 3600 टैबलेट बरामद

 सरगुजा। अंबिकापुर में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर में दबिश देकर करीब 2 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान दुकान के पीछे बने कमरे से 207 नग नशीली कफ सिरप और 3600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

आबकारी विभाग के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को सूचना मिली थी कि न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर से नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पहले दुकान से दवाइयों की खरीदी कराई गई। इसके बाद टीम ने मेडिकल स्टोर में दबिश देकर जांच की।

कमरे में छिपाकर रखी थीं दवाइयां

तलाशी के दौरान दुकान के पीछे स्थित कमरे से 132 नग मैग्नाटस-टी कफ सिरप, 75 नग एपकोर्स कफ सिरप और 3600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गईं। जब्त दवाइयों की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।

उत्तर प्रदेश से होती थी सप्लाई

पूछताछ में आरोपी संचालक ने दवाइयां उत्तर प्रदेश से लाने की जानकारी दी है। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। अब विभाग इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रहा है।

कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता, आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज और नगर सैनिक गणेश पांडे की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button