7 साल की बच्ची को न्याय दिलाने सड़कों पर उतरे लोग, आरोपी को फांसी देने की मांग

कटघोरा (कोरबा)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। घटना के विरोध में कटघोरा नगर में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर मासूम को श्रद्धांजलि दी और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
यह कैंडल मार्च जय स्तंभ चौक से शुरू होकर शहीद वीर नारायण सिंह चौक तक निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल भी कैंडल मार्च में शामिल हुए। उन्होंने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए शासन-प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने और दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। घटना को लेकर नगरवासियों में गहरा आक्रोश देखने को मिला।
मामले में एक दिन पहले आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किए जाने के दौरान वकीलों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की भी खबर सामने आई थी। वकीलों ने आरोपी का केस नहीं लड़ने की घोषणा भी की थी।
मजदूरी के लिए कोरबा आया था परिवार
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का निवासी है। परिवार करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ मजदूरी करने के लिए रजगामार पहुंचा था।
बताया गया कि 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लेने निकली थी। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
तीन दिन बाद झाड़ियों में मिला शव
बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डॉग स्क्वायड की मदद से भी खोजबीन की।
करीब तीन दिन बाद गुरुवार को बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। मामले की जांच के बाद पुलिस ने अमित चौहान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो बालको क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की सुनवाई तेजी से हो और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिले।




