छत्तीसगढ़

कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव सहित विधायकगणों की गरिमामयी उपस्थिति में यादव (ठेठवार) समाज के पदाधिकारियों ने ली शपथ

रायपुर। यादव (ठेठवार) समाज महासभा, राजिम का भव्य शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को प्रांतीय मुख्यालय राजिम, जिला गरियाबंद में हर्षोल्लास एवं सामाजिक एकजुटता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता खल्लारी विधायक श्री द्वारिकाधीश यादव ने की। कार्यक्रम में चंद्रपुर विधायक श्री रामकुमार यादव, राजिम विधायक श्री रोहित साहू एवं नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष श्री महेश यादव सहित समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने बताया कि समारोह का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात पारंपरिक वेशभूषा में अहीर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। नन्हीं बालिकाओं ने पुष्पवर्षा कर अतिथियों एवं समाजजनों का अभिनंदन किया। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप अतिथियों को खुरमी एवं कुलेथा भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में 700 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक एकता, भाईचारे, प्रेम एवं स्नेह का वातावरण देखने को मिला। पुराने और नए पदाधिकारियों के बीच आपसी सम्मान, आत्मीयता और सद्भाव की भावना विशेष रूप से दिखाई दी।

समारोह में मुख्य प्रांतीय कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष श्री संतोष यदु, महासचिव श्री समलिया यादव एवं कोषाध्यक्ष श्री रमन यादव को कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने शपथ दिलाई। वहीं शेष प्रांतीय कार्यकारिणी, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ एवं प्रबंध कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को प्रांताध्यक्ष श्री संतोष यदु ने शपथ दिलाई। सभी पदाधिकारियों ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती एवं सामाजिक विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

प्रांतीय कार्यकारिणी में मुख्य प्रांतीय कार्यकारिणी के प्रांताध्यक्ष श्री संतोष यदु, महासचिव श्री समेलिया यादव एवं कोषाध्यक्ष श्री रमन यादव हैं। युवा प्रकोष्ठ में श्री उग्रसेन यदु प्रांताध्यक्ष, श्री बी.पी. यदु महासचिव एवं श्री महितोष यादव कोषाध्यक्ष हैं। महिला प्रकोष्ठ में श्रीमती पुष्पा भुवनेश्वर यादव प्रांताध्यक्ष, श्रीमती किरण बलेंद्र यदु महासचिव एवं श्रीमती सुनीति संतु यादव कोषाध्यक्ष हैं। इसी कड़ी में महासभा के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 100 से अधिक सदस्यों वाली प्रबंध कार्यकारिणी का गठन किया गया।

समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पूर्व पदाधिकारियों को फूलमाला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें भावपूर्ण विदाई दी। वहीं पूर्व प्रांताध्यक्ष श्री गुलेंद्र यादव ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। इस पारस्परिक सम्मान ने समारोह में भाईचारे, आपसी प्रेम एवं स्नेह के वातावरण को और अधिक मजबूत बनाया।

नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष श्री संतोष यदु ने समाज के विकास, संगठन की मजबूती एवं सामाजिक एकता को लेकर आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने कार्ययोजना में निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर यादव (ठेठवार) समाज महासभा द्वारा तैयार किए गए ठेठवार सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव के करकमलों से विधिवत विमोचन किया गया। यह पहल समाज की जनसंख्या, परिवारों की संख्या एवं अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक जानकारियों को व्यवस्थित रूप से संकलित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य में समाज के विकास, सामाजिक कल्याण एवं विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक होंगे।

प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने समाचार जारी करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता, पारस्परिक सहयोग और संगठित प्रयासों से सामाजिक विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री गजानन यादव गुरुजी एवं श्री कन्हैया यादव गुरुजी द्वारा किया गया। समारोह में उपस्थित समाजजनों के लिए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के अंत में महासचिव श्री समेलिया यादव ने उपस्थित समस्त सामाजिक बंधुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button