छत्तीसगढ़

धान खरीदी, फसल बीमा और निर्माण कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा

जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में काम पूरा करने पर जोर

जांजगीर-चांपा। जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उन्होंने पोषण अभियान, धान खरीदी, कृषि राहत, निर्माण कार्यों और जनशिकायतों के निराकरण सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में आगामी 1 से 14 दिसंबर तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि जिले के प्रत्येक गांव और वार्ड में बच्चों एवं किशोरियों का चिन्हांकन कर उनके पोषण स्तर का सही आकलन किया जाए। पोषण ट्रैकर ऐप में सभी आवश्यक जानकारियां दर्ज करने के साथ एनीमिया की जांच और निर्धारित टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियमित रूप से केंद्रों में उपस्थित रहने और हितग्राहियों के घर जाकर संपर्क करने के निर्देश भी दिए गए।

धान खरीदी और किसानों की सुविधाओं पर जोर

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बारिश से धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त तिरपाल, उचित जल निकासी और ड्रेनेज व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

चक्रवात के बाद फसलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने और पात्र किसानों को फसल बीमा योजना तथा आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने पर भी जोर दिया गया।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा जरूरी

लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और हाउसिंग बोर्ड के अंतर्गत चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित परियोजनाओं को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी या धीमी प्रगति पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला मुख्यालय में डिवाइडर निर्माण, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने और ऑडिटोरियम के मरम्मत कार्य को भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए राजस्व, नगर पालिका और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण आजीविका और सरकारी योजनाओं की समीक्षा

विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों के खेतों में आजीविका डबरियों के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इससे ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के अवसर मिलने के साथ जल संरक्षण तथा भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर विभागीय योजनाओं की प्रगति नियमित अपडेट करने और सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button