बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, 27 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला

निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर, 271 पदों पर भर्ती से युवाओं को मिलेगा लाभ
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। आगामी 27 नवंबर 2026 को नगर पंचायत सरसींवा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कुल 271 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को पद और शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 12,200 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक मासिक वेतन मिल सकेगा।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा आयोजित इस मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। रोजगार मेले में सुबह 10:30 बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें 10वीं, 12वीं उत्तीर्ण और आईटीआई की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी अपनी पात्रता के अनुसार शामिल हो सकेंगे।
अलग-अलग कंपनियों में उपलब्ध हैं रिक्त पद
रोजगार मेले में मेसर्स स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं एवं 12वीं पास अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
मेसर्स जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में टेक्नीशियन के 30 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए 10वीं, 12वीं और आईटीआई उत्तीर्ण उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। इन पदों पर 15,240 से 18,000 रुपये तक वेतन निर्धारित है।
इसी प्रकार मेसर्स चैतन्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा तथा चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
आईटीआई और तकनीकी योग्यता वालों के लिए भी अवसर
मेसर्स टीपीएल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें टेक्नीशियन, आईटीआई फिटर, गैस कटर, ग्राइंडर ऑपरेटर, वेल्डर, टर्नर, केन ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर और हेल्पर के पद शामिल हैं। इन पदों पर कुल 190 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। पद एवं योग्यता के अनुसार 14,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचें अभ्यर्थी
जिला प्रशासन ने इच्छुक युवाओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। अभ्यर्थियों को 27 नवंबर को सुबह 10:30 बजे नगर पंचायत सरसींवा स्थित आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। साथ में शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आईटीआई एवं अन्य तकनीकी योग्यता के दस्तावेज और आवश्यक प्रमाण पत्र लेकर आना होगा।
इस रोजगार मेले से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के विकल्प बढ़ने से युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार प्राप्त करने में मदद मिलेगी।




