शिक्षा कमजोर, शराब कारोबार मजबूत! भाजपा सरकार पर आप का हमला

- 207 सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को सौंपने की तैयारी गरीब और किसान परिवारों के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ : आप जिलाध्यक्ष
बलौदाबाजार। आम आदमी पार्टी जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की शिक्षा एवं शराब नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। एक ओर सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार 103 प्राथमिक एवं 104 मिडिल स्कूलों सहित कुल 207 सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को सौंपने की तैयारी कर रही है। यह निर्णय प्रदेश के गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है।
उन्होंने कहा कि आखिर छत्तीसगढ़ सरकार की प्राथमिकता क्या है? प्रदेश में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए स्कूलों की जरूरत है, शिक्षकों की भर्ती और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की जरूरत है, लेकिन सरकार सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने की दिशा में आगे बढ़ रही है। दूसरी तरफ शराब दुकानों का संचालन सरकार स्वयं कर रही है और शराब कारोबार का विस्तार लगातार होता दिखाई दे रहा है। कुछ दिन पहले ही प्रदेश में सैकड़ों नई शराब दुकानों की शुरुआत की गई।
डहरिया ने सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है और दूसरी तरफ शराब से होने वाली आय को लेकर सरकार की दिलचस्पी दिखाई दे रही है। दीपावली के दौरान शराब बिक्री से छत्तीसगढ़ सरकार को लगभग 54 करोड़ 60 लाख 70 हजार 510 रुपये की आय होने की जानकारी सामने आई है। यह आंकड़ा अपने आप में सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करता है। सरकार को बताना चाहिए कि प्रदेश के बच्चों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कितनी गंभीरता से काम किया जा रहा है?
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, किसान अपनी फसलों के नुकसान और कर्ज की समस्या से परेशान हैं, सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं और सरकारी स्कूलों की स्थिति भी चिंताजनक है। ऐसे में सरकार का ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों की समस्याओं के समाधान पर होना चाहिए।
आम आदमी पार्टी की मांग है कि सरकार 207 सरकारी स्कूलों को निजी संस्थाओं को सौंपने के प्रस्ताव पर तत्काल पुनर्विचार करे। सरकारी स्कूलों को बंद करने या निजी हाथों में देने के बजाय उनमें पर्याप्त शिक्षक, बेहतर भवन, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
अंत में जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गरीब किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों का क्या कसूर है, जिन्हें सरकारी शिक्षा व्यवस्था के भरोसे अपना भविष्य बनाना है? सरकार को यह समझना होगा कि शराब से राजस्व कमाना विकास का विकल्प नहीं हो सकता। प्रदेश का भविष्य शराब की दुकानों से नहीं, बल्कि अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों से बनेगा।




