पेंड्रावन जलाशय की सुरक्षा पर उठे सवाल, खनन और ब्लास्टिंग को लेकर गरमाई छत्तीसगढ़ की सियासत

छत्तीसगढ़ के पेंड्रावन जलाशय के कैचमेंट एरिया में लाइमस्टोन खनन के लिए दी गई लीज को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए खनन की अनुमति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में जुटी है। बघेल ने मौजूदा सरकार को किसान विरोधी भी करार दिया।
भूपेश बघेल ने कहा कि पेंड्रावन जलाशय करीब 117 साल पुराना है। इसके निर्माण के समय ग्रामीणों ने अपनी जमीन और बस्ती तक छोड़ दी थी। ग्रामीणों की शर्त थी कि जलाशय का नाम पेंड्रावन गांव के नाम पर ही रखा जाए। उन्होंने कहा कि यह जलाशय सिर्फ एक जल संरचना नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के किसानों की सिंचाई और आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है।
पहले भी खनन के विरोध में उतरे थे किसान
बघेल के मुताबिक, जलाशय के कैचमेंट एरिया में लाइमस्टोन की उपलब्धता के कारण लंबे समय से सीमेंट कंपनियों की नजर इस क्षेत्र पर रही है। इससे पहले भी यहां खनन के लिए लीज देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन किसानों के विरोध के बाद इसे निरस्त करना पड़ा था।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में खनिज मंत्री रहते हुए उन्होंने इस प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ने दिया था।
खनन और ब्लास्टिंग से जलाशय को खतरे की आशंका
पूर्व मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग और डैम सेफ्टी बोर्ड की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जलाशय के कैचमेंट एरिया में खनन और ब्लास्टिंग से इसकी सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। इससे जलाशय की संरचना और जल संचय क्षमता पर भी खतरा पैदा होने की आशंका है।
बघेल ने कहा कि जलाशय प्रभावित होने की स्थिति में उन गांवों के किसानों पर सीधा असर पड़ेगा, जो सिंचाई के लिए इसी जलस्रोत पर निर्भर हैं।
सरकार से फैसले पर पुनर्विचार की मांग
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि पूर्व में हुए विरोध और जलाशय की सुरक्षा को लेकर जताई गई आशंकाओं के बावजूद मौजूदा सरकार ने दोबारा खनन के लिए लीज दे दी। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
बघेल ने कहा कि सरकार को उद्योगपतियों के हितों के बजाय किसानों की आजीविका और जलाशय की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।




