
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब देश के अनुभवी और श्रेष्ठ प्रशिक्षक का मार्गदर्शन मिलेगा। पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अमय खुरासिया को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
श्री खुरासिया के नेतृत्व में केरल क्रिकेट टीम ने 74 वर्षों के रणजी ट्रॉफी इतिहास में पहली बार फाइनल तक पहुंचकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी। उनके अनुभव और रणनीतिक दृष्टिकोण से छत्तीसगढ़ क्रिकेट को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि अमय खुरासिया भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1999 के विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा बांग्लादेश में आयोजित सार्क क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय-ए टीम की कप्तानी करते हुए टीम को संयुक्त विजेता बनाया। उन्होंने 1999 से 2001 के बीच 12 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेले हैं।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी उनका अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। उन्होंने 1989 से 2006 तक कुल 119 प्रथम श्रेणी मैच खेले। साथ ही भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड से लेवल-सी कोचिंग डिग्री प्राप्त कर पिछले 23 वर्षों से प्रशिक्षण क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
श्री खुरासिया ने लगभग 10 वर्षों तक मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के मुख्य कोच के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निखारा, जिनमें रजत पाटीदार, वेंकटेश अय्यर और आवेश खान जैसे नाम शामिल हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ और अमय खुरासिया के बीच राज्य में क्रिकेट के समग्र विकास को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा के बाद उन्हें मुख्य कोच के रूप में अनुबंधित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर संघ के निदेशक बलदेव सिंह भाटिया, विजय शाह एवं अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए अमय खुरासिया ने कहा, “छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी बेहद प्रतिभाशाली हैं। मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे अपने करियर में चुनौतियां पसंद हैं और मैं यहां क्रिकेट के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करूंगा।”
यह नियुक्ति निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




