छत्तीसगढ़

छठ महापर्व पर विकास उपाध्याय ने रायपुर के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर दिया अर्घ्य, व्रती माताओं-बहनों से लिया आशीर्वाद

रायपुर। लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं छठी मैया की आराधना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने हीरापुर के टेगना तालाब एवं छुया तालाब, गुढ़ियारी के मच्छी तालाब, खमतराई, समता कॉलोनी, महादेव घाट एवं महाराजबंध तालाब सहित रायपुर के विभिन्न छठ घाटों में पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर विकास उपाध्याय ने छठ व्रती माताओं एवं बहनों के साथ विधि-विधान से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

विकास उपाध्याय ने कहा कि छठ महापर्व हमारी भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति एवं सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ त्याग, तपस्या, अनुशासन और परिवार के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। छठ व्रती माताओं एवं बहनों की अटूट श्रद्धा, कठिन तपस्या और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।

छठ पूजा के अवसर पर सभी छठ घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पारंपरिक छठ गीतों, पूजा-अर्चना और छठी मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, आयोजन समिति के पदाधिकारी, कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button