छत्तीसगढ़

दिल्ली में योगेश अग्रवाल को मिला ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’, ‘अग्र गौरव सम्मान’ से हुए सम्मानित

रायपुर के समाजसेवी एवं उद्योगपति योगेश अग्रवाल को समाजसेवा, सामाजिक नेतृत्व, सांस्कृतिक संरक्षण और उद्योग जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित समाजसेवी, उद्योगपति एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्व योगेश अग्रवाल को नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’ के अंतर्गत ‘अग्र गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाजसेवा, सामाजिक नेतृत्व, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं औद्योगिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

14 नवंबर को दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित इस समारोह में देशभर से आए समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में योगेश अग्रवाल को सम्मानित किया गया।

महाराजा अग्रसेन जी के जीवन दर्शन और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से योगेश अग्रवाल द्वारा निर्मित भव्य महानाट्य उनकी सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस महानाट्य का मंचन देश के विभिन्न राज्यों के 40 से अधिक शहरों में किया जा चुका है। इसके माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के एक ईंट, एक रुपया के सिद्धांत के साथ सामाजिक समरसता, सहयोग, समानता और सेवा की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।

सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ ही योगेश अग्रवाल ने उद्योग जगत में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे लगातार 19 वर्षों तक छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे। वर्तमान में वे फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया राइस मिल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। राइस मिल उद्योग से जुड़े व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों की रक्षा तथा उद्योग की समस्याओं के समाधान के लिए भी वे निरंतर सक्रिय रहे हैं।

इसके अतिरिक्त अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए वे सामाजिक एकता, जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर योगदान दे रहे हैं।

समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज उपस्थित रहे। वहीं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के प्रणेता श्री प्रदीप मित्तल सहित देशभर से एक हजार से अधिक अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने समारोह में सहभागिता की।

योगेश अग्रवाल को मिले इस सम्मान से छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज सहित सामाजिक, सांस्कृतिक एवं औद्योगिक जगत में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को वर्षों की मेहनत, सामाजिक समर्पण, संगठनात्मक नेतृत्व और सांस्कृतिक योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button