छत्तीसगढ़

उपभोक्ता अधिकारों की अलख जगाने सड़कों पर उतरा संगठन

रायपुर । अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन, रायपुर इकाई द्वारा 21 एवं 22 सितंबर को उपभोक्ता अधिकारों एवं जनहित से जुड़े विषयों को लेकर व्यापक उपभोक्ता जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को खरीदारी के दौरान अपने अधिकारों के प्रति सजग करना, मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाव, सही नाप-तौल एवं साइबर ठगी से सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रेरणास्रोत हरिशंकर शुक्ल, राष्ट्रीय महासचिव चितरंजन कुमार पर्वत, प्रदेश अध्यक्ष खुलेश वर्मा एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेश चौधरी के मार्गदर्शन तथा रायपुर जिला अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

जनजागरूकता अभियान की शुरुआत सदर बाजार से हुई। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बूढ़ा तालाब, पुरानी बस्ती, लाखे नगर, गोल चौक और भारत माता चौक होते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां अभियान का समापन किया गया।

अभियान के दौरान ई-रिक्शा में जागरूकता पोस्टर लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए पंपलेट वितरित किए और उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी दी। लोगों से अपील की गई कि किसी भी वस्तु की खरीदारी करते समय बिल अथवा रसीद अवश्य लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत या विवाद की स्थिति में खरीदारी का प्रमाण उपलब्ध रहे।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति भी लोगों को सचेत किया। मिठाई, दूध, तेल, मसाले, पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर संबंधित विभाग को सूचना देने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस या संगठन की रायपुर इकाई को शिकायत करने की अपील की गई।

इसके अलावा दुकानदारों को नाप-तौल के उपकरणों का समय-समय पर सत्यापन कराने और ग्राहकों को सही मात्रा में सामान उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूक किया गया। संगठन ने कहा कि पारदर्शी व्यापार व्यवस्था और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए व्यापारी और ग्राहक दोनों का जागरूक होना आवश्यक है।

अभियान में साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी लोगों को महत्वपूर्ण सावधानियां बताई गईं। नागरिकों से कहा गया कि वे अनजान व्यक्तियों को अपना मोबाइल न दें, OTP, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष खुलेश वर्मा, रायपुर जिला अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, महिला जिला अध्यक्ष सविता मौर्या, महिला जिला महासचिव मंजू जायसवाल, महिला जिला कोषाध्यक्ष मैरी फ्रांसीसी, टोमन दास बंजारे, उपाध्यक्ष-कोषाध्यक्ष केयर भूषण यादव, विश्वनाथ सोनवानी, घनश्याम वर्मा, लोमष निषाद, रोहित वर्मा, दिनेश वर्मा, रामेश्वर साहू सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संदेश — “जागरूक हो उपभोक्ता, हमेशा रहे सुख भोगता।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button