छत्तीसगढ़

PM मोदी के जन्मदिन पर दीप जलाने को लेकर सियासत, अरुण साव का भूपेश बघेल पर पलटवार

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लाखों दीप जलाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टिप्पणी पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिन्हें जहां हिसाब मांगना है, वहां मांगें। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 140 करोड़ जनता के आशीर्वाद के दीप जल रहे हैं। कांग्रेस का दिल जल रहा है तो जलता रहे।

अरुण साव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से लगातार जनसेवा में जुटे हैं और देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग दीप जलाकर उन्हें अपना आशीर्वाद देंगे।

कांग्रेस के विरोध और टिप्पणियों पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का प्रधानमंत्री के प्रति प्यार देखकर कांग्रेस के नेताओं को परेशानी हो रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को जनसेवा से कोई लेना-देना नहीं है।

महंगाई-बेरोजगारी दिवस पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस द्वारा महंगाई और बेरोजगारी दिवस मनाए जाने को लेकर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत में महंगाई की स्थिति को दूसरे देशों की तुलना में देखा जाना चाहिए और सरकार के आर्थिक प्रबंधन का उल्लेख किया।

CGPSC परीक्षा को लेकर कांग्रेस पर हमला

CGPSC 2025 की परीक्षा में दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार स्थगित किए जाने के सवाल पर अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान PSC भर्ती को लेकर गंभीर आरोप लगे थे। साव ने कहा कि उनकी सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है।

अवैध निर्माण पर अधिकारियों को दिए निर्देश

रावतपुरा फेस-2 में बिना लेआउट के बने मकानों पर निगम की कार्रवाई को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि अवैध निर्माण की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण के शुरुआती चरण में ही निगरानी रखने और अवैध निर्माण को रोकने के निर्देश दिए। साव ने कहा कि अवैध निर्माण होने ही न पाए, इसकी जिम्मेदारी अधिकारियों को सुनिश्चित करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button