छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बस, 3 यात्रियों की मौत, 10 घायल

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर दरचुरा के पास यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा टकराई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। दुर्घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है।
अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी बस
मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस (CG 04 NM 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 5:30 बजे दरचुरा के पास बस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। उस समय कई यात्री नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिल पाया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और डायल 112 ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सिमगा पुलिस मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। वहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, मृतकों के शव पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान तत्काल नहीं हो पाई थी। पुलिस घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य करने में जुटी रही।
कैसे हुआ हादसा? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि क्या बस चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। खड़े ट्रक पर रिफ्लेक्टर लगा था या नहीं, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे
प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। जानकारी के मुताबिक, रविवार को कोरिया जिले के चर्चा थाना क्षेत्र में नगर गांव के पास बस और बोलेरो की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हुई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हुए थे।
इससे पहले गुरुवार को मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत होने और चालक समेत करीब 40 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी।
रायपुर में 24 घंटे के भीतर चार हादसे, पांच लोगों की मौत
राजधानी रायपुर में भी बीते 24 घंटों के दौरान चार सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की जान जाने की जानकारी सामने आई है। ये हादसे विधानसभा क्षेत्र, रायपुरा-डीडीनगर और तेलीबांधा मेन रोड समेत अलग-अलग स्थानों पर हुए।
तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड चौक पर रविवार को ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार गंगा साहू (35) और उनकी नौ वर्षीय बेटी रितिका साहू की मौत हो गई। वहीं, विधानसभा रोड पर दौंदेखुर्द के पास पिकअप की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।




