क्राइम

शीतला मंदिर को लेकर बैठक में विवाद, बीच-बचाव करने आए युवक की चाकू मारकर हत्या

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित ग्राम जोगीभाठ में शीतला मंदिर को लेकर चल रही बैठक के दौरान बड़ा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने आए युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान उप सरपंच डोमेन्द्र देशमुख के भतीजे कुणाल देशमुख के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बीती रात गांव में शीतला मंदिर से जुड़े मुद्दे पर बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान ग्रामीणों और उप सरपंच के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। बताया जा रहा है कि विवाद के बीच स्थिति को शांत कराने पहुंचे कुणाल देशमुख पर गांव के ही सोहनलाल साहू ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कुणाल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहनलाल साहू सहित 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button